सह संपादक अर्जुन देवांगन : नारायणपुर के शिक्षकों की अभिनव पहल ‘नवपंख’ पत्रिका का हुआ विमोचन, बच्चों को मिलेगी नई प्रेरणा
Ten Singh Thakur
Sat, Oct 17, 2026
नारायणपुर के शिक्षकों की अभिनव पहल ‘नवपंख’ पत्रिका का हुआ विमोचन, बच्चों को मिलेगी नई प्रेरणा
शिक्षकों के शैक्षिक अनुभव, रचनात्मक लेख और बाल कविताओं से सजी स्वरचित पत्रिका; मंत्री केदार कश्यप ने किया विमोचन
नारायणपुर। जिले में शैक्षिक नवाचार और बाल साहित्य को बढ़ावा देने की दिशा में शिक्षकों ने एक सराहनीय पहल करते हुए ‘नवपंख’ स्वरचित पत्रिका का निर्माण किया है। इस पत्रिका का विमोचन छत्तीसगढ़ शासन के वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री श्री केदार कश्यप के करकमलों से संपन्न हुआ। शिक्षकों की इस सामूहिक पहल को जिले की शिक्षा व्यवस्था में रचनात्मकता और नवाचार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
शिक्षकों की रचनात्मकता को मिला मंच
‘नवपंख’ पत्रिका में जिले के शिक्षकों द्वारा लिखे गए शैक्षिक अनुभवों, रचनात्मक लेखों और बाल कविताओं को स्थान दिया गया है। इसका उद्देश्य बच्चों में पढ़ने-लिखने की रुचि विकसित करना, भाषा कौशल को मजबूत करना तथा उनकी कल्पनाशीलता और सृजनात्मक अभिव्यक्ति को प्रोत्साहित करना है।
विशेष रूप से नारायणपुर एवं अबूझमाड़ के बच्चों के लिए यह पत्रिका उपयोगी शैक्षिक सामग्री के रूप में प्रेरणास्रोत बनने की उम्मीद है। स्थानीय परिवेश और बच्चों की सीखने की आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर तैयार की गई यह पहल शिक्षा को अधिक रोचक, सहज और प्रभावी बनाने में सहायक हो सकती है।
शिक्षकों के सामूहिक प्रयास से तैयार हुई पत्रिका
श्रीमती बृजेश्वरी रावटे के मार्गदर्शन में जिले के शिक्षकों ने सामूहिक प्रयास से ‘नवपंख’ पत्रिका को आकार दिया। इसके निर्माण में श्रीमती पार्वती मंडल, श्रीमती संगीता संचेती, श्रीमती शिखा शर्मा, श्रीमती पूनम जायसवाल, श्रीमती कृष्णा कोरी, सुश्री सविता यादव, श्री फूलचंद सिन्हा, श्री कुलेश्वर नाग, श्री प्रेम कुमार सारथी, श्री नेमीचंद कोसे, श्री हेमंत बम्बोडे, श्री विजय कुमार साहू, श्री खूबचंद साहू एवं श्री योगेश कुमार साहू का विशेष सहयोग रहा।
इस पहल के माध्यम से शिक्षकों की साहित्यिक प्रतिभा को मंच प्रदान करने के साथ ही उनके अनुभवों को साझा करने और बच्चों के लिए ज्ञानवर्धक एवं रुचिकर शिक्षण सामग्री विकसित करने का प्रयास किया गया है।
विमोचन कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे उपस्थित
पत्रिका के विमोचन कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ राज्य लघु वनोपज सहकारी संघ मर्यादित के अध्यक्ष श्री रूपसाय सलाम, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री नारायण मरकाम, कलेक्टर सुश्री नम्रता जैन, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री चंद्रकांत चार्ली ठाकुर, जिला शिक्षा अधिकारी श्री महेंद्र नाथ पांडे, जिला मिशन समन्वयक श्री दीनबंधु रावटे, विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्री कृष्णनाथ गोटा तथा सहायक कार्यक्रम समन्वयक श्रीमती कविता हिरवानी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में जिले की विभिन्न ग्राम पंचायतों के सरपंच एवं पंच भी शामिल हुए।
शिक्षा को आनंददायक बनाने की दिशा में पहल
‘नवपंख’ स्वरचित पत्रिका जिले के शिक्षकों की सामूहिक रचनात्मकता, नवाचार और शिक्षा के प्रति समर्पण का प्रतीक है। इस पहल से शिक्षकों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा, वहीं बच्चों को पढ़ने, लिखने और नई चीजें सीखने के लिए प्रोत्साहन मिलेगा।
नारायणपुर एवं अबूझमाड़ के बच्चों तक ज्ञानवर्धक और रुचिकर साहित्य पहुंचाने की दिशा में ‘नवपंख’ पत्रिका भविष्य में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। शिक्षकों की यह पहल शिक्षा को पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित न रखकर रचनात्मकता और अनुभवों से जोड़ने का सराहनीय प्रयास है।
सह संपादक
अर्जुन देवांगन
9424287527
CGFastNews24mpcg
Tags :
विज्ञापन
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन