सह संपादक अर्जुन देवांगन : नारायणपुर की टेबल टेनिस खिलाड़ी प्रभा का राष्ट्रीय मंच पर जलवा, नागालैंड में दर्ज की जीत
Ten Singh Thakur
Tue, Oct 27, 2026
नारायणपुर की टेबल टेनिस खिलाड़ी प्रभा का राष्ट्रीय मंच पर जलवा, नागालैंड में दर्ज की जीत
राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में हासिल कर चुकी हैं सर्वश्रेष्ठ महिला खिलाड़ी का खिताब, अंतरविश्वविद्यालयीन प्रतियोगिता में शहीद महेंद्र कर्मा विश्वविद्यालय का कर रहीं प्रतिनिधित्व
नारायणपुर। प्रतिभा किसी संसाधन की मोहताज नहीं होती, बल्कि लगन, मेहनत और निरंतर अभ्यास से सफलता की नई राह बनाई जा सकती है। इसे नारायणपुर जिले के किहकाड़ गांव की उभरती टेबल टेनिस खिलाड़ी प्रभा ने सच साबित किया है। वीरांगना रमोतीन माड़िया शासकीय आदर्श महिला महाविद्यालय, नारायणपुर में बीए प्रथम सेमेस्टर की छात्रा प्रभा का चयन प्रतिष्ठित अंतरविश्वविद्यालयीन महिला टेबल टेनिस प्रतियोगिता के लिए हुआ है। वह नागालैंड में आयोजित इस प्रतियोगिता में शहीद महेंद्र कर्मा विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व कर रही हैं।
नागालैंड विश्वविद्यालय द्वारा 26 से 30 अक्टूबर 2026 तक आयोजित प्रतियोगिता में देश के 42 विश्वविद्यालयों के खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। प्रभा भी इस राष्ट्रीय स्तर के खेल मंच पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रही हैं। महाविद्यालय के प्राचार्य श्री बी.डी. चांडक ने प्रभा के चयन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह उपलब्धि केवल महाविद्यालय ही नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए गौरव का विषय है।
राज्य स्तर पर भी दिखा चुकी हैं प्रतिभा
प्रभा का टेबल टेनिस सफर लगातार उपलब्धियों से भरा रहा है। इससे पहले आयोजित राज्य स्तरीय टेबल टेनिस प्रतियोगिता में उन्होंने अपनी फुर्ती, शानदार खेल कौशल और सटीक स्मैश के दम पर सर्वश्रेष्ठ महिला खिलाड़ी का खिताब हासिल किया था। इसी प्रदर्शन के आधार पर उन्होंने अंतरविश्वविद्यालयीन प्रतियोगिता में अपनी जगह बनाई।
बिहार की टीम को हराकर हासिल की जीत
नागालैंड में जारी प्रतियोगिता में प्रभा ने 27 अक्टूबर को डॉ. बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय, बिहार की टीम के विरुद्ध मुकाबले में जीत दर्ज की। अब अगले दौर में उनका मुकाबला मणिपुर विश्वविद्यालय, इम्फाल से होना है। इस मुकाबले को लेकर खेल प्रेमियों और महाविद्यालय परिवार को उनसे बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है।
महाविद्यालय परिवार ने दी बधाई
प्रभा की इस उपलब्धि पर महाविद्यालय परिवार ने उन्हें बधाई देते हुए आगामी मुकाबलों के लिए शुभकामनाएं दी हैं। उनकी सफलता से नारायणपुर जिले के युवा खिलाड़ियों को भी खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने की प्रेरणा मिलेगी।
नारायणपुर की बेटी प्रभा ने अपनी मेहनत और प्रतिभा से जिले का नाम राष्ट्रीय खेल मंच पर पहुंचाया है। अब सभी की निगाहें उनके आगामी मुकाबले पर टिकी हैं।
सह संपादक
अर्जुन देवांगन
9424287527
CGFASTNEWS24MPCG
Tags :
विज्ञापन
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन