सह संपादक अर्जुन देवांगन : धरती आबा अभियान के तहत चयनित गांवों में जनकल्याणकारी योजनाओं का शत-प्रतिशत क्रियान्वयन करने के निर्देश
Ten Singh Thakur
Wed, Oct 28, 2026
धरती आबा अभियान के तहत चयनित गांवों में जनकल्याणकारी योजनाओं का शत-प्रतिशत क्रियान्वयन करने के निर्देश
जिला स्तरीय निगरानी समिति की बैठक संपन्न, चयनित गांवों को आदर्श मॉडल बनाने पर जोर
नारायणपुर, 27 अक्टूबर 2026। धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के अंतर्गत वन अधिकार अधिनियम, 2006 के तहत सामुदायिक वन संसाधन अधिकारों के संरक्षण, संवर्धन एवं प्रबंधन योजना तैयार करने के संबंध में मंगलवार को जिला स्तरीय निगरानी समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन, ग्राम सभाओं के चयन तथा प्रबंधन योजना तैयार करने में सहयोग प्रदान करने वाली संस्थाओं के चयन को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक के दौरान योजना के क्रियान्वयन के लिए प्राप्त आवेदनों एवं प्रस्तावों की समीक्षा की गई। साथ ही चयनित ग्राम सभाओं में सामुदायिक वन संसाधनों के संरक्षण, संवर्धन और बेहतर प्रबंधन के लिए आवश्यक कार्ययोजना तैयार करने पर विचार-विमर्श किया गया।
इस अवसर पर जिला पंचायत नारायणपुर के उपाध्यक्ष एवं समिति के सदस्य श्री प्रताप सिंह मंडावी ने सभी विभागों को निर्देशित किया कि शासन द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का धरती आबा अभियान के तहत चयनित गांवों में शत-प्रतिशत क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए यह सुनिश्चित करें कि जनजातीय समुदाय के पात्र हितग्राहियों को विभिन्न शासकीय योजनाओं का प्रत्यक्ष लाभ मिले।
उन्होंने चयनित गांवों में विकास कार्यों को प्राथमिकता देने तथा योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने पर जोर दिया, ताकि इन गांवों में शिक्षा, स्वास्थ्य, आजीविका, बुनियादी सुविधाओं और सामाजिक विकास के क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव लाया जा सके।
बैठक में इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के अंतर्गत चयनित गांवों का समग्र विकास सुनिश्चित कर उन्हें नारायणपुर जिले के साथ-साथ पूरे छत्तीसगढ़ के लिए एक आइकॉन मॉडल के रूप में विकसित किया जाए। इसके लिए सभी संबंधित विभागों को जिम्मेदारी के साथ कार्य करने और अभियान के उद्देश्यों को धरातल पर उतारने की आवश्यकता बताई गई।
बैठक का मुख्य उद्देश्य जनजातीय समुदाय के अधिकारों की रक्षा, सामुदायिक वन संसाधनों का संरक्षण तथा शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाकर चयनित गांवों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना है।
सह संपादक
अर्जुन देवांगन
9424287527
CGFASTNEWS24MPCG
Tags :
विज्ञापन
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन