सहायक आयुक्त ने दिए जांच के आदेश : एकलव्य विद्यालय में गंभीर आरोपों से मचा हड़कंप! महिला शिक्षिका ने किया आत्महत्या का प्रयास।
Ten Singh Thakur
Mon, Oct 12, 2026
एकलव्य विद्यालय में गंभीर आरोपों से मचा हड़कंप! महिला शिक्षिका ने किया आत्महत्या का प्रयास, सहायक आयुक्त ने दिए जांच के संकेत
कोंडागांव जिले के एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय शामपुर में पदस्थ महिला कंप्यूटर शिक्षिका ने जहरीले पदार्थ का सेवन कर आत्महत्या का प्रयास किया है। शिक्षिका ने प्राचार्य और विद्यालय प्रबंधन पर मानसिक प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए हैं। वहीं, छात्रावास में छात्राओं को एक्सपायरी खाद्य सामग्री दिए जाने और मूलभूत सुविधाओं की कमी जैसे मुद्दे भी उठाए गए हैं। मामले को लेकर सहायक आयुक्त ने जांच कराने की बात कही है। फिलहाल, शिक्षिका का जिला अस्पताल में उपचार जारी है।पूरा मामला विकासखंड माकड़ी के एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय शामपुर का है, जहां पदस्थ कंप्यूटर शिक्षिका प्रियंका परिहार ने जहरीले पदार्थ का सेवन कर आत्महत्या का प्रयास किया। घटना के बाद उन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। शिक्षिका ने प्राचार्य सहित विद्यालय प्रबंधन पर मानसिक प्रताड़ना के आरोप लगाए हैं। शिक्षिका के आरोपों के मुताबिक, छात्रावास में रहने वाली बच्चियों को एक्सपायरी खाद्य सामग्री दी जाती है और उन्हें जरूरी मूलभूत सुविधाएं भी उपलब्ध नहीं कराई जा रही हैं। शिक्षिका का कहना है कि विद्यालय और छात्रावास में कथित अनियमितताओं का मुद्दा उठाने के कारण उन्हें मानसिक रूप से परेशान किया जा रहा था। हालांकि, इन आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। मामले की गंभीरता को देखते हुए अब संबंधित विभाग की जांच पर नजरें टिकी हैं। सहायक आयुक्त ने मामले की जांच कराने की बात कही है। जांच में यह स्पष्ट होना महत्वपूर्ण होगा कि छात्रावास में खाद्य सामग्री की गुणवत्ता, छात्राओं को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं और शिक्षिका द्वारा लगाए गए मानसिक प्रताड़ना के आरोपों में कितनी सच्चाई है।
फिलहाल, महिला शिक्षिका का जिला अस्पताल में उपचार जारी है। अब देखना होगा कि विभागीय जांच में क्या तथ्य सामने आते हैं और जिम्मेदारों पर क्या कार्रवाई की जाती है। छात्राओं की सुरक्षा और आवासीय विद्यालय की व्यवस्थाओं को लेकर उठे इन सवालों पर अब विभाग की कार्रवाई का इंतजार है।
प्रधान संपादक - तेन सिंह ठाकुर
Tags :
विज्ञापन
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन