सह संपादक अर्जुन देवांगन : नारायणपुर: वार्ड क्रमांक 6 और 7 में शराब दुकान हटाने की मांग, वार्डवासियों ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन
Ten Singh Thakur
Thu, Oct 22, 2026
नारायणपुर: वार्ड क्रमांक 6 और 7 में शराब दुकान हटाने की मांग, वार्डवासियों ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन
बाजारपारा में चिकन मार्केट के पास स्थित शराब दुकान से बढ़ रही परेशानी, महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा को लेकर जताई चिंता
नारायणपुर। जिला मुख्यालय के बाजारपारा वार्ड में चिकन मार्केट के समीप संचालित शराब दुकान को अन्यत्र स्थानांतरित करने की मांग तेज हो गई है। वार्ड क्रमांक 6 एवं 7 के निवासियों ने इस संबंध में कलेक्टर, जिला नारायणपुर को ज्ञापन सौंपकर शराब दुकान को आबादी क्षेत्र से दूर हटाने की मांग की है।
.ज्ञापन में वार्डवासियों ने बताया कि बाजारपारा में स्थित देशी-विदेशी शराब दुकान शहर के मध्य और वार्ड के नजदीक होने के कारण स्थानीय लोगों को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उनका आरोप है कि शराब सेवन के बाद आए दिन मारपीट, विवाद और झगड़े की घटनाएं होती हैं, जिससे महिलाओं, बच्चों और आम नागरिकों में असुरक्षा की भावना बनी रहती है।
वार्डवासियों के अनुसार, शराब की लत के कारण कई परिवारों की आर्थिक स्थिति भी प्रभावित हो रही है। ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि कुछ बच्चे स्कूल जाने के बजाय शराब पीने जैसी गतिविधियों की ओर आकर्षित हो रहे हैं, जिससे उनकी पढ़ाई और भविष्य पर प्रतिकूल असर पड़ने की आशंका है।
ज्ञापन में यह आरोप भी लगाया गया है कि बाजार के दिनों में आसपास के गांवों से कुछ लोग महुआ से बनी कच्ची शराब का सेवन करने आते हैं। शराब सेवन के बाद उत्पन्न होने वाले विवादों और अन्य समस्याओं से स्थानीय लोगों को परेशानी उठानी पड़ती है। वार्डवासियों का कहना है कि इन परिस्थितियों का असर परिवारों की आजीविका और घरेलू शांति पर भी पड़ रहा है।
दुकान को दूसरी जगह स्थानांतरित करने की मांग
वार्ड क्रमांक 6 एवं 7 के निवासियों ने कलेक्टर से मांग की है कि बाजारपारा में स्थित शराब दुकान को किसी दूरस्थ स्थान पर स्थानांतरित किया जाए, ताकि शराब सेवन से जुड़ी समस्याओं पर रोक लग सके और क्षेत्र में शांति एवं सौहार्द का वातावरण बना रहे।
ज्ञापन की प्रतिलिपि छत्तीसगढ़ शासन के मंत्री केदार कश्यप को भी प्रेषित की गई है। अब वार्डवासियों की मांग पर जिला प्रशासन की कार्रवाई को लेकर लोगों की निगाहें टिकी हुई हैं।
सह संपादक
अर्जुन देवांगन
9424287527
Tags :
विज्ञापन
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन